कई महिलाएं गंभीर रूप से घायल एसपी ने कहा मजबूर होकर पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज

अंबेडकरनगर(सर्वेश पाण्डेय की रिपोर्ट)। अंबेडकरनगर में डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर अराजकत्वों ने कालिख पोत दी। रविवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने प्रतिमा पर कालिख लगी देखी, तो उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। इसकी सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं को समझाया, लेकिन वे नहीं मानीं।

इसके बाद पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। इतना ही नहीं, महिलाओं पर पत्थर भी फेंके। बाद में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों ने मिलकर महिलाओं पर जमकर डंडे बरसाए। हमले में कई महिलाएं गंभीर घायल हुई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामला जलालपुर का है।


सुबह 11 बजे के करीब हंगामा शुरू हुआ था। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि पुलिस कैसे महिलाओं पर लाठी बरसा रही है। दौड़ा-दौड़ाकर उनको पीट रही है। पत्थर भी फेंक रही है। महिलाए बचने के लिए भाग रहीं है तो पुलिस उनका पीछा करके मार रही है। करीब 1 घंटे तक ऐसे ही ड्रामा चलता रहा।

वाजिदपुर मोड़ पर हाथी मंदिर के सामने डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगी है। उस पर कुछ शरारती तत्वों ने कालिख लगा दी। इससे गुस्साए लोगों ने अकबरपुर-जलालपुर रोड पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे जलालपुर के कोतवाल संत कुमार सिंह ने लोगों को समझाने की काफी कोशिश की। मगर, महिलाएं आरोपियों की गिरफ्तारी करने पर डटी रहीं। साथ ही वे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप भी लगाती रहीं।


महिलाओं की बढ़ती नाराजगी देख कर कोतवाल ने घटना की जानकारी SDM को दी। इसके बाद SDM हरि शंकर लाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को समझा-बुझाकर शांत करवाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ पुलिस की नहीं सुन रही थी। भीड़ ईंट चलाने लगी। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस मामले में पुलिस ने भीम आर्मी के कार्यकर्ता समेत 6 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।

SP अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि महिलाओं को पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, तो उन्होंने उग्र होकर एक महिला सिपाही की पिटाई करनी शुरू कर दी। इसके बाद मजबूरन पुलिस ने बल का प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा। वहीं SDM हरि शंकर लाल ने बताया कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। मूर्ति पर कालिख पोतने वालों पर जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ